दीपक प्रकाश ने लगाया देश की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने का आरोप, कहा- कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा करेगी आंदोलन
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के कथित विवादित बयान को लेकर भाजपा ने कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रांची के अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत देकर मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में डॉ. अंसारी पर देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता को प्रभावित करने, विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने, आपराधिक धमकी देने तथा शांति भंग करने के इरादे से बयान देने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, डॉ. इरफान अंसारी ने 5 नवंबर 2026 को जारी एक वीडियो में दावा किया था कि 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। इसमें भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को चुनौती देने तथा केंद्र सरकार की मांगें नहीं मानने पर देश के हालात बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर होने जैसी बातें कही गई थीं। दीपक प्रकाश ने इन बयानों को देश की सुरक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि डॉ. अंसारी पहले भी ऐसे बयान देते रहे हैं, जिनसे प्रदेश और देश में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि मंत्री ने दिल्ली में कुछ छात्र संगठनों के साथ बैठक कर उन्हें संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ सड़क पर उतरने के लिए प्रेरित किया। शिकायत में दिल्ली और अन्य स्थानों पर हुई छात्र गतिविधियों से जुड़ी घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। प्रकाश ने कहा कि डॉ. अंसारी का बयान केवल व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के इशारे पर इस तरह की बयानबाजी की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए पूछा कि क्या पार्टी डॉ. अंसारी के बयान से सहमत है।
इन धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग
दीपक प्रकाश ने अरगोड़ा थाना प्रभारी से शिकायत में उल्लिखित तथ्यों पर त्वरित संज्ञान लेने का आग्रह किया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 152, 153, 196, 351 और 352 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 45 एवं 66एफ के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की ओर से इस मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा सड़क पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर वरुण साहू, आरती कुजूर, सुधीर श्रीवास्तव, सूरज नाथ शाहदेव, नीरज सिंह, तारिक इमरान, राहुल अवस्थी, पंकज सिन्हा, मनोज दुबे, रमेश सिंह, बिनय राज, राजू सिंह, संकेत तिवारी, बिनय सिंह, इंद्रजीत यादव, राजीव शाहदेव, नेहा सिंह और शंकर दुबे सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
- सुरक्षा बलों को चुनौती: शिकायत के अनुसार, डॉ. अंसारी ने 5 नवंबर 2026 को एक वीडियो जारी कर दावा किया कि 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं और भारतीय सेना बुलाने के बावजूद उन्हें नहीं रोका जा सकेगा.
- तख्तापलट की धमकी: आरोप है कि उन्होंने केंद्र सरकार को धमकी दी है कि यदि मांगें नहीं मानी गईं, तो भारत के हालात बांग्लादेश और नेपाल में हुए हिंसक तख्तापलट से भी बदतर हो जाएंगे.
- अराजकता का षड्यंत्र: दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि डॉ. अंसारी ने हाल ही में दिल्ली जाकर कुछ छात्र संगठनों के साथ गुप्त बैठकें कीं और उन्हें संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ उकसाया, जिसके कारण दिल्ली में हिंसक उपद्रव हुए.
-
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर साधा निशाना
- राहुल गांधी के इशारे पर बयान: दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि यह डॉ. अंसारी का व्यक्तिगत बयान नहीं है, बल्कि उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के इशारे पर देश में अस्थिरता का माहौल बनाने के लिए यह बयान दिया है.
- आंदोलन की चेतावनी: उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार को चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो भाजपा सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी.
