नीतीश कुमार के ‘‘न्याय के साथ विकास’’ के विज़न को यूपी में भी आगे बढ़ाएगी जदयू : निशांत
निशांत के नेतृत्व में अगले 50 साल तक कोई जदयू का बाल बांका नहीं कर सकता – संजय झा
निशांत को यूपी में मिल रहा अपार स्नेह-समर्थन, पार्टी का बढ़ेगा जनाधार – श्रवण कुमार
नीतीश कुमार ने रखा अल्पसंख्यकों का ख्याल, उन्हें जोड़ा विकास की मुख्यधारा से – जमा खां
पटना। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल (यू) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी दिशा में, बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने बनारस की धरती से चुनावी शंखनाद किया और राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। इस मौके पर जद (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा, बिहार सरकार के मंत्री सह यूपी प्रभारी श्री श्रवण कुमार, मंत्री श्री जमां खां, यूपी जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष श्री अनूप पटेल, सांसद श्री कौशलेन्द्र कुमार, श्री सुनील कुमार, विधायक श्री संतोष निराला, श्री अमरेन्द्र पाण्डेय, श्री राहुल सिंह सहित कई नेता और यूपी के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही, इस मौके पर विभिन्न दलों से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सर्वमान्य नेता श्री नीतीश कुमार के विचारों में आस्था व्यक्त करते हुए जद (यू) की सदस्यता ग्रहण की और श्री निशांत के हाथों को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश में जनता दल (यू) एक ऐसे संगठन के रूप में खड़ा हो, जो जनता की आवाज बने, उनके मुद्दों की लड़ाई लड़े और जनता की बेहतरी के लिए काम करे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करें और अभी से चुनाव की तैयारी में जुटें। बिहार में दो दशकों में श्री नीतीश कुमार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, महिला सशक्तिकरण तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि आदि क्षेत्रों में जो ऐतिहासिक काम किए हैं, उसे गांव-गांव तक पहुंचाएं। उन्होंने यह भी कहा कि वे अब लोगों के बीच आते रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनकी निरंतर मुलाकात होगी। उनका प्रयास होगा कि यूपी में पार्टी एनडीए के साथ मिलकर श्री नीतीश कुमार के ‘‘न्याय के साथ विकास’’ के विजन को धरातल पर उतारे। इस मिशन में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होने वाली है।
जद (यू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजय कुमार झा ने कहा कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। मा0 श्री नीतीश कुमार ने बिहार में जिस सुशासन और विकास के माॅडल को स्थापित किया है, उसे प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद का त्याग करने के बाद पार्टी सहित पूरे बिहार में एक स्वाभाविक अंधेरा छा गया था, लेकिन श्री निशांत के राजनीति में आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है। अब अगले 50 साल तक जद (यू) का कोई बाल बांका नहीं कर सकता। स्वास्थ्य मंत्री के रूप में वे पूरी संजीदगी और संवेदनशीलता से काम कर रहे हैं। श्री झा ने याद दिलाया कि जब श्री नीतीश कुमार ने बागडोर संभाली थी, तब बिहार की स्थिति बदतर थी, लेकिन उन्होंने पूरा परिदृश्य और परिस्थितियां बदल दीं। हाल ही में श्बिहार म्यूजियमश् को दुनिया में 9वां और एशिया में नंबर 1 रैंक प्राप्त हुआ है।
इस अवसर पर मंत्री श्री श्रवण कुमार ने जोर देते हुए कहा कि जिस प्रकार यूपी के कार्यकर्ताओं का अपार स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद श्री निशांत को मिल रहा है, उससे प्रदेश में आने वाले दिनों में पार्टी का जनाधार और बढ़ेगा और जनहित के मुद्दों पर हमारी आवाज और प्रखर होगी। उन्होंने आगे कहा कि श्री नीतीश कुमार ने बिना किसी भेदभाव के हर समाज और वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है। उनके दूरदर्शी विजन से बिहार आज तरक्की की नई इबारत लिख रहा है। अब समय आ गया है कि विकास और सुशासन के इस माॅडल की छाप उत्तर प्रदेश में भी दिखाई दे।
मंत्री श्री जमा खां ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ लोग केवल दिखावे के लिए अल्पसंख्यक समाज के हितैषी बनने का नाटक करते हैं, लेकिन हमारे नेता श्री नीतीश कुमार ने अपने कार्यों से यह साबित करके दिखाया और हमेशा उनका ख्याल रखा। 2005 में बिहार की बागडोर संभालने के बाद उन्होंने इस समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा। लगभग 9,000 कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, जिससे समाज में अक्सर होने वाले विवाद खत्म हुए। मदरसे के शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की गई और अल्पसंख्यकों के लिए आवासीय विद्यालय खोलने का काम किया गया। सभी नेताओं ने एक स्वर से यूपी में पार्टी का जनाधार बढ़ाने और 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने का संकल्प लिया। श्री निशांत की उपस्थिति से लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया और उन्हें फूल-माला से लाद दिया। श्री निशांत ने सबका अभिवादन स्वीकार किया और स्नेह-समर्थन के लिए आभार प्रकट किया।
